चंडीगढ़ः शहर में रविवार देर रात महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे के घर पर अज्ञात युवकों ने कई राउंड फायरिंग की। गनीमत रही कि इस जानलेवा हमले में वह बाल-बाल बच गईं और घर के किसी सदस्य को कोई नुकसान नहीं हुआ। वहीं वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। बता दें कि, दीपा दुबे सेक्टर 15/डी स्थित मकान नंबर 3353 में परिवार समेत रहती हैं।
वारदात की सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल मेें जुट गए। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा। फिलहाल, संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जानकारी अनुसार, दीपा दुबे के घर के उपरी मंजिल पर हरियाणा के दो लड़के किराए पर रहते हैं। रविवार रात को किराएदारों के कमरे में 10 से अधिक लड़के आए थे। देर रात को जब वे निकलने लगे तो दीपा दुबे ने उनसे पूछा कि वे कहां से आ रहे हैं तो उन्होंने गालियां देनी शुरू कर दी और सामने पार्क में जाकर खड़े हो गए। इस दौरान पुलिस को फोन कर जानकारी दी गई। इस पर पुलिस आई और युवकों को समझा कर वापस चली गई।
पुलिस के समझाने के बाद भी लड़के पार्क में ही खड़े रहे। इसके बाद दीपा के पति उनके पास गए और समझाने की कोशिश की। लेकिन उन्होंने दोबारा गालियां देनी शुरू कर दी। दीपा के पति एडवोकेट दीपक दुबे ने बताया कि थोड़ी देर बाद वे सभी घर के अंदर चले गए। इसी बीच रात तकरीबन साढ़े 12 बजे कुछ अज्ञात लड़के लाठी-डंडा और रॉड लेकर घर के बाहर आ गए। उन्होंने गाड़ी तोड़ने के साथ बाहर रखे सामान से तोड़फोड़ शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने फायरिंग भी की।