चंडीगढ़ः पंजाब के मशहूर सिंगर सरदूल सिकंदर का बुधवार को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया। वह 60 साल के थे सरदूल सिकंदर काफी समय से बीमार चल रहे थे। किडनी ट्रांसप्लांट के बाद वह कोरोना संक्रमण पाए गए थे। तब से उनका इलाज चल रहा था। वह गुर्दे के रोग और डायबटीज जैसी कई प्रकार की बीमारीयों से पीड़ित थे।पंजाबी सिंगर दलेर मेंहदी ने सरदूल सिकंदर के निधन पर दुख जताया है। मेंहदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, बहुत दुख भरी खबर है कि सरदूल सिकंदर साहब नहीं रहे। यह हमारे परिवार और म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ी क्षति है।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी सिंगर के निधन पर गहरा दुख जताया है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा, ”महान पंजाबी गायक सरदूल सिकंदर के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। हाल ही में उनकी कोरोना वायरस की जांच की गई थी और उनका इलाज चल रहा था। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।”
पंजाब के नेता सुखबीर सिंह बादल ने भी सिंगर के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट के जरिए अपनी संवेदनाएं जाहिर कीं। सुखबीर सिंह बादल ने लिखा, ”महान पंजाबी प्लेबैक सिंगर सरदूल सिकंदर के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। पंजाबी फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री को भारी नुकसान हुआ है। उनके परिवार, दोस्तों और फैंस के लिए प्रार्थना। भगवान उसकी आत्मा को शांति दे!”पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री भी महान गायक के निधन पर शोक व्यक्त कर रही है। जैसे ही सरदूल सिकंदर की मौत की खबर सोशल मीडिया पर आई, फैंस ने सिंगर प्रति अपनी संवेदनाएं जाहिर कीं।