मुंबईः महानायक अमिताभ बच्चन की रविवार को अचानक तबीयत खराब होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अभिनेता ने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को इस बात की जानकारी दी है। साथ ही ये भी बताया है कि सेहत बिगड़ने की वजह से उन्हें सर्जरी करानी होगी।
इस खबर के सामने आने के बाद बिग बी के फैंस काफी परेशान हो गए हैं। वो सोशल मीडिया पर उनकी सेहत के लिए दुआ मांग रहे हैं। साथ ही ये भी जानना चाह रहे हैं कि आखिर किस वजह से बिग बी को सर्जरी करानी पड़ रही है।
अमिताभ बच्चन ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी एक तस्वीर भी शेयर की है। इसके कैप्शन में उन्होंने सिर्फ ‘!!!! ????’ लिखा है। इसे देखकर उनके फैंस के मन में कई सवाल उठ रहे हैं।
बिग बी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं और अपनी दिनचर्या से जुड़ी लगभग हर जानकारी फैंस के साथ साझा करते हैं। उन्होंने कल ही ट्वीट किया था, “कुछ ज़रूरत से ज़्यादा बढ़ गया है ; कुछ काटने पर सुधरने वाला है ; जीवन काल का कल है ये , कल ही पता चलेगा कैसे रहे वे।”
गौरतलब है कि पिछले साल अमिताभ बच्चन कोरोना वायरस के शिकार हो गए थे, जिसकी वजह से वो लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती थे। उनके बाद ऐश्वर्या राय, आराध्या बच्चन और अभिषेक बच्चन की कोविड-19 रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। हालांकि, बच्चन परिवार ने मिलकर इस मुश्किल का सामना किया था और कोरोना को मात दी थी।