नई दिल्लीः देश के अगले चीफ जस्टिस एनवी रमना होंगे और वह 24 अप्रैल को मुख्यन्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे और राष्ट्रपति उन्हें शपथ दिलाएंगे। भारत सरकार ने मंगलवार को ये जानकारी दी है। जस्टिस नथालापति वेंकट रमना सुप्रीम कोर्ट के 48वें चीफ जस्टिस होंगे जो 24 अप्रैल को पदभार संभालेंगे। जिक्रयोग्य है कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने न्यायाधीश एनवी रमना को भारत का अगला मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है।
देश के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस शरद अरविंद बोबडे 23 अप्रैल को रिटायर हो रहे हैं। 24 मार्च को वर्तमान चीफ जस्टिस एस ए बोबड़े ने उनके नाम की सिफारिश सरकार को भेजी थी। बता दें कि 45 साल से ज्यादा का न्यायिक अनुभव रखने वाले और संवैधानिक मामलों के जानकार एनवी रमना का कार्यकाल 26 अगस्त 2022 तक का होगा।
सीनियर जस्टिस एनवी रमना का जन्म 27 अगस्त 1957 को आंध्र प्रदेश के कृष्ण जिले के पोन्नवरम गांव में एक कृषि परिवार में हुआ था। पहले, वह दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश और आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश भी थे। उन्होंने आंध्र प्रदेश न्यायिक अकादमी के अध्यक्ष के रूप में भी काम किया है। आंध्र प्रदेश के रहने वाले एन.वी रमना वर्ष 2000 में आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट में स्थायी जज के तौर पर चुने गए थे।