जालंधरः शहर के बस्ती शेख एरिया में शनिवार को सिलेंडर फटने से एक महिला के घायल होने की खबर सामने आई है। मिली जानकारी अनुसार, बस्ती शेख में कूड़े के डम्प के समीप टावर वाली गली में फैक्ट्री का काम करवाया जा रहा था। जिस दौरान वहां सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। वहीं फैक्ट्री में काम कर रही एक महिला बुरी तरह झुलस गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस पूरे मामले पर फैक्ट्री के मालिक का कहना है कि कोई धमाका नहीं हुआ है बल्कि फैक्ट्री के अंदर काम करने के दौरान एक वेट गिर गया था जिसकी चपेट में आकर बिहार की रहने वाली एक महिला घायल हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना फैक्ट्री में सिलेंडर फटने के चलते हुई है। जिसके बाद अब पुलिस फैक्ट्री मालिक के ऊपर कार्रवाई करने में जुट गई है।