जालंधरः महानगर में थाना रामामंडी के अन्तर्गत आते सतनामपुरा में सोमवार देर रात उस वक्त दहशत फैल गई, जब गोली चलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक व्यक्ति की पहचान रूड़कां निवासी रविंदर सिंह उर्फ सोनू के रूप में हुई है, जबकि घायल महिला की पहचान कुलजीत कौर के रूप में हुई है।
जानकारी अनुसार, सतनामपुर निवासी बलजिंदर सिंह जो कि एक बाउंसर कंपनी भी चलाता है उसे मिलने के लिए उसका दोस्त रविंदर उर्फ सोनू आया हुआ था। बलजिंदर, सोनू और उनकी माता घर के बाहर कार के पास खड़े थे। इतने में बलजिंदर के ताया का लड़का गुरमीत सिंह औलख जो कि टैक्सी यूनियन का प्रधान है, बाइक पर आया और कार में टक्कर दे मारी। गुरमीत पूरी तरह शराब के नशे में धुत था। बलजिंदर ने किसी तरह से अपने ताय के लड़के गुरमीत औलख को अपने घर के साथ ही लगते उनके घर के गेट के अंदर पहुंचाया।
गुरमीत औलख को जैसे ही चाचा का लड़का बलजिंदर उसके घर के अंदर छोड़ कर आया तो कुछ ही देर में वह हाथ में अपना लाइसेंसी हथियार लेकर आ गया। और फायर कर दिया। एक गोली सोनी की छाती में लगी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बलजिंदर की मां ने गुरमीत से रिवाल्वर छीनने की कोशिश की तो एक गोली उनकी जांघ में जा लगी। दोनों को इलाज के लिए रामामंडी के जोहल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रविंदर सिंह उर्फ सोनू को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही एसीपी सेंट्रल निर्मल सिंह, एसएचओ रामामंडी के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। एसीपी निर्मल सिंह ने बताया कि गोली मारने वाले गुरमीत सिंह औलख को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।