अमृतसरः मोगा के बाघापुराना में आज आम आदमी पार्टी की तरफ से किसान महासम्मेलन किया जा रहा है। इसमें पार्टी की बड़ी लीडरशिप मौजूद रहेगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल रविवार के दिन पंजाब में किसान महापंचायत को संबोधित करेंगे। आम आदमी पार्टी के मुताबिक भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ यह महापंचायत मोगा के बाघा पुराना स्थित अनाज मंडी में आयोजित की जाएगी। यहां दिन में करीब 2 बजे अरविंद केजरीवाल किसानों को संबोधित करेंगे।
इससे पहले, सीएम अरविंद केजरीवाल तीन काले कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों के समर्थन में उत्तर प्रदेश के मेरठ में किसान महापंचायत को संबोधित कर चुके हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल पंजाब में महापंचायत को संबोधित करने के बाद आने वाली 4 अप्रैल को हरियाणा के जींद स्थित हुडा मैदान में होने वाली किसान महापंचायत को भी संबोधित करेंगे।
जानकारी के लिए बता दें कि पंजाब में कोरोना वायरस की रफ्तार एक बार फिर तेज हो रही है। इसी सिलसिले में आज पंजाब से नई गाइडलाइंस भी लागू हो गई है। इसी के मद्देनजर पंजाब में होने वाले इस महासम्मेलन में भाग लेने के लिए कोरोना टेस्ट दिखाना अनिवार्य होगा। वही सोशल गैदरिंग का भी ख़ास ख्याल रखा जाएगा। इस संबंधी प्रशासन भी पूरी तरह से चौकन्ना है।