मानसाः दिवगंत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद उनका दूसरा गाना गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के दिन रिलीज होने जा रहा है। इसकी जानकारी सिद्धू मूसेवाला के सोशल मीडिया अकाउंट पर दी गई है। सोशल मीडिया पर डाली पोस्ट के अनुसार, इस गीत का टाइटल ‘वार’ रखा गया है। जिसे 8 नवंबर को गुरू नानक देव जी के पर्काश पर्व पर अरदास के बाद दोपहर 10 बजे रिलीज किया जाएगा।
बता दें कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद यह दूसरा गीत है, जो रिलीज होने जा रहा है। यह उन गीतों में से एक गीत है, जिन्हें सिद्धू मूसेवाला ने गाया तो जरूर, लेकिन रिलीज करने से पहले ही उनका कत्ल कर दिया गया। यह गीत असल में भी एक ‘वार’ है, जिसे उन्होंने पंजाब के वीर नायक हरि सिंह नलवा के लिए गाया था।
गौरतलब है कि सरदार हरि सिंह नलवा महाराजा रणजीत सिंह के सेनाध्यक्ष थे। महान लड़ाके हरि सिंह नलवा ने पठानों के विरुद्ध कई युद्धों का नेतृत्व किया और महाराजा रणजीत सिंह को जीत दिलाई। हरि सिंह नलवा को भारत के श्रेष्ठ योद्धाओं में जगह दी जाती है। हरि सिंह नलवा एक बार महाराजा रणजीत सिंह के साथ शिकार पर थे। इस दौरान उनका सामना शेर से हो गया, लेकिन हरि सिंह नलवा ने मुकाबला करते हुए शेर का जबड़ा हाथों से ही चीर दिया था।