जालंधरः महानगर के मकसूदा थाना क्षेत्र के अधीन कुंज इलाके में चल रही रिसेप्शन की पार्टी दे रहे एक दूल्हे को पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए उसके खिलाफ नाइट कर्फ्यू का उल्लंघन का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि शनिवार रात करीब 10:15 बजे उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि विष्णु कांत कंबोज के घर के बाहर काफी भीड़ इकट्ठा है। दरअसल, मकसूदां के पोल्ट्री फार्म मालिक की तरफ से विवाह से तीन बाद रिसैपशन स्वागत पार्टी रखी गई थी। जिसमें 100 से 150 लोग शामिल थे। कोरोना नियमों का उल्लंघन करने के चलते पुलिस ने दूल्हे को रिसैपशन पार्टी से ही गिरफ़्तार कर लिया। हालांकि बाद में जमानत होने के बाद पुलिस की तरफ से उक्त को छोड़ दिया गया।
इस संबंधी जानकारी देते हुए एएसआई सुखविन्दर सिंह ने बताया कि शनिवार रात लगभग 10ः15 बजे वह पुलिस पार्टी के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान उनको किसी ने सूचना दी कि कोठी नंबर 208 के रहने वाले विष्णुकांत कंबोज ने अपने मकान के बाहर काफ़ी भीड़ इकट्ठी की हुई है। इस दौरान जब पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि उसने अपने घर के बाहर विवाह की रिसैपशन पार्टी रखी है। जिसमें 100 से 150 लोग शामिल थे। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के कारण वैसे भी जालंधर में रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ़्यू लगाया गया है और इस समय दरमियान कोई प्रोग्राम नहीं किया जा सकता।