अगरतला: दक्षिणी त्रिपुरा के गोमती शहर में एक वाहन के पलटने से तीन महिलाओं सहित कम से कम चार भाजपा नेताओं की मौत हो गई है और आठ अन्य घायल हो गए हैं। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी है। वही पुलिस अफसरों ने कहा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं संग तीन महिला एवं एक पुरूष मैक्सी ट्रक में सवार होकर अपने घरों को जा रहे थे। तभी अचानक कंट्रोल खो देने से गाड़ी पलट गई। शुक्रवार देर रात को चेलागंग में हुई इस सड़क दुर्घटना में चार स्थानीय भाजपा नेताओं की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही गंभीर तौर से चोटिल हुए आठ बीजेपी कार्यकर्ताओं को सरकारी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया।
मृतक उर्वशी कन्या जमातिया (45), ममता रानी जमातिया (26), रचना देवी जमातिया (30) और गहिन कुमार जमातिया (65) अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं संग 6 अप्रैल को त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद के चुनाव के संबंध में आयोजित एक सार्वजनिक बैठक में भाग लेने के बाद नतून बाजार में अपने घर लौट रहे थे। मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष माणिक साहा ने घटना पर अपना शोक व्यक्त किया है।